Search

Khunti News : बिरसा कॉलेज में ABVP का हस्ताक्षर अभियान, JPSC-JSSC भर्ती में पारदर्शिता व रिक्त पदों पर बहाली की मांग

एबीवीपी झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि राज्य के लाखों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं. ऐसे में JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लंबे समय से रिक्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर जल्द नियुक्ति की भी मांग की, ताकि उच्च शिक्षण संस्थानों का संचालन बेहतर हो सके और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें.
 
Khunti :  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की खूंटी इकाई ने शुक्रवार को बिरसा कॉलेज में हस्ताक्षर अभियान चलाया. इसका मकसद JPSC व JSSC भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच करने और राज्य के विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में वर्षों से रिक्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर शीघ्र बहाली है.

अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष जांच और समयबद्ध नियुक्तियों के समर्थन में हस्ताक्षर किए. विद्यार्थियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. भर्ती प्रक्रियाओं पर लगातार उठ रहे सवालों से अभ्यर्थियों का मनोबल और व्यवस्था पर उनका विश्वास प्रभावित होता है.

Uploaded Image

एबीवीपी झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि राज्य के लाखों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं. ऐसे में JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लंबे समय से रिक्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर जल्द नियुक्ति की भी मांग की, ताकि उच्च शिक्षण संस्थानों का संचालन बेहतर हो सके और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें.

प्रकाश टुटी ने कहा कि झारखंड वीर बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव सहित अनेक जननायकों की संघर्षभूमि रही है और यहां का युवा न्याय व पारदर्शिता की अपेक्षा रखता है. उन्होंने कहा कि एबीवीपी विद्यार्थियों के शैक्षणिक और रोजगार संबंधी मुद्दों पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी.

एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो परिषद विद्यार्थियों के हित में अपने लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन को और व्यापक करेगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही