Khunti News: बिरसा कॉलेज, खूंटी में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी, बुनियादी सुविधाओं का अभाव तथा नामांकन सीटें घटने के मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है. जिला संयोजक राजदीप गुप्ता के नेतृत्व में और प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी की उपस्थिति में परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज पहुंचे रांची विश्वविद्यालय के विद्यार्थी कल्याण संकायाध्यक्ष (DSW) को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में कॉलेज में शिक्षकों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों की कमी दूर करने की मांग की गई. इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग कॉमन रूम, साइकिल स्टैंड, पुस्तकालय और कंप्यूटर लैब की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया. परिषद ने पर्याप्त बेंच-डेस्क, कक्षाओं, बिजली और ब्लैकबोर्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई.
इसे भी पढ़ें -
ABVP ने कॉलेज की चहारदीवारी की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कक्षाओं की नियमित साफ-सफाई कराने की मांग भी की. परिषद के अनुसार, कॉलेज में पहले की तुलना में नामांकन सीटें कम हो गई हैं. इसे विद्यार्थियों के हित में पूर्व के स्तर पर बहाल किया जाना चाहिए. वहीं, कॉलेज से संबंधित जानकारी के लिए दाखिल RTI आवेदनों का लंबे समय से जवाब नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई गई. परिषद का कहना है कि पहले भी कई बार समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है.
प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि बिरसा कॉलेज हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा संस्थान है. यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी और नामांकन सीटों में कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ता है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को केवल आश्वासन देने के बजाय समस्याओं के समाधान के लिए समय-सीमा तय करनी चाहिए. RTI के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थी हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिला संयोजक राजदीप गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी लंबे समय से शिक्षकों, कर्मचारियों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं. विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर ABVP चरणबद्ध आंदोलन करेगी. जरूरत पड़ने पर कॉलेज बंद कराने जैसा कदम भी उठाया जा सकता है.
इस दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता सुखराम हेम्ब्रोम, विक्रम नाग, अनीश महतो और चंदन सहित बिरसा कॉलेज के कई विद्यार्थी मौजूद थे. परिषद ने कहा कि उसका उद्देश्य कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना, परिसर को सुरक्षित बनाना और विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है. अब विश्वविद्यालय प्रशासन से मांगों पर ठोस कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

