Search

 
 
 

Koderma News :  चीफ लोको इंस्पेक्टर का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला

रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान चीफ लोको इंस्पेक्टर सह लॉबी प्रभारी बंगाली चैंपिया (49) के रूप में हुई है.
 

Koderma: रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान चीफ लोको इंस्पेक्टर सह लॉबी प्रभारी बंगाली चैंपिया (49) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी.

 

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंगाली चैंपिया रविवार देर रात तक अपनी ड्यूटी पर थे. सोमवार सुबह जब उनका कोई पता नहीं चला तो सहकर्मियों और परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान रेलवे ट्रैक के पास पहले उनका पहचान पत्र और कुछ सामान मिला. इसके बाद कुछ दूरी पर उनका शव बरामद किया गया.

 

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत होता है, लेकिन मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.

 

घटना के बाद रेलवे परिसर में शोक का माहौल है. बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. कर्मचारियों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच होनी चाहिए.

 

इस बीच कुछ रेलकर्मियों ने बताया कि मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव में थे. उनका दावा है कि कुछ महीने पहले कार्यस्थल पर उनका एक अधिकारी से विवाद हुआ था, जिसके बाद वे तनाव में रहने लगे थे. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इस संबंध में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है.

 

रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही