Search

कोयल नदी पुल की मरम्मत अंतिम चरण में, 15 मार्च के बाद रांची-टोरी रेलखंड पर दौड़ेंगी ट्रेनें

Ranchi :   रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत की खबर है. कोयल नदी पर बने पुल में आई तकनीकी खामी के कारण प्रभावित रेल सेवाएं 15 मार्च के बाद दोबारा शुरू होने की उम्मीद है.

 

रेलवे ने पुल की मरम्मत और मजबूती का काम तेज कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा. सुरक्षा मानकों की अंतिम जांच के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पूर्ववत बहाल किया जाएगा.

 

रांची रेल मंडल  अंतर्गत नागजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच स्थित कोयल नदी पुल संख्या 115 में पिलर संख्या चार और पांच के बीच दरार पाए जाने के बाद एहतियातन इस मार्ग पर टोरी तक सीधी रेल सेवाएं रोक दी गई थीं. 

 

कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई. रेलवे की शुरुआती जांच में पाया गया कि दोनों पिलर एक ओर झुकने लगे थे, जिससे पुल की संरचना पर दबाव बढ़ गया था.

 

इसके बाद पहले से तय मरम्मत योजना में बदलाव करते हुए नई और आधुनिक तकनीक अपनाई गई. अब पिलरों को सुरक्षित ढंग से काटने के लिए डायमंड कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है. करीब 12.2 मीटर लंबे पिलरों पर काम के लिए रायपुर से 350 टन क्षमता वाली भारी क्रेन मंगाई गई है, ताकि जटिल मरम्मत के दौरान किसी तरह का जोखिम न रहे.

 

अगले चरण में पुल पर लगभग 24.2 मीटर लंबे दो स्टील गार्डर लगाए जाएंगे, जिन्हें कोलकाता में तैयार किया जा रहा है. इन गार्डरों के लगने से पुल की संरचनात्मक मजबूती बढ़ेगी और भविष्य में इस तरह की समस्या की आशंका कम होगी.

 

इस घटना के बाद रेलवे ने सतर्कता बढ़ाते हुए पूरे रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड के 20 बड़े पुलों का जियो-टेक्निकल सर्वे कराने का फैसला लिया है. सर्वे के जरिए पुलों की नींव, मिट्टी की प्रकृति और जल प्रवाह के प्रभाव का आकलन किया जाएगा. अधिकारियों का मानना है कि समय रहते की गई तकनीकी जांच से भविष्य में बड़े हादसों को टाला जा सकता है.

 

फिलहाल राजधानी एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें बदले मार्ग से चलाई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त समय लग रहा है. रांची रेल डिवीजन के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी और उसके बाद ही ट्रेन सेवाएं बहाल होंगी. रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp