Dhanbad News : बिहार के गयाजी से कोलकाता जा रही महारानी बस शुक्रवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में बस में सवार 20 से अधिक यात्रियों में से 8 यात्री घायल हो गए. सभी को धनबाद के एसएनएमसीएच में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, महारानी बस बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर स्थित नेशनल हाईवे-19 पर ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क के बीचो-बीच पलट गई. घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद के SNMMCH अस्पताल में भर्ती कराया.
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार बस काफी तेज रफ्तार में थी. ओवरटेक करने के प्रयास में चालक का नियंत्रण बिगड़ गया जिससे बस सड़क पर लगे तार के डिवाइडर को लांघते हुए पलट गई.
दुर्घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाकी सुरक्षित यात्रियों को बस से बाहर निकाला और उन्हें अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना किया. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.

