Palamu: लातेहार, गुमला, लोहरदगा समेत आसपास के जिलों में पिछले कई घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण कोयल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. करीब एक साल बाद कोयल नदी में इस तरह का भारी उफान देखने को मिल रहा है. जलस्तर बढ़ने से कोयल नदी पुल निर्माण में लगे गंगा कंस्ट्रक्शन के कई उपकरण और पाइलिंग रिग मशीन बाढ़ में बह गए.
पलामू की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने से सदर प्रखंड के सिंगरा समेत कई इलाकों में खेतों में पानी घुस गया है. इससे कई एकड़ में लगी धान की फसल को नुकसान होने की आशंका है. वहीं, मेदिनीनगर शहर के चनवारी, पहाड़ी मोहल्ला, हमीदगंज समेत कई निचले इलाकों में भी नदी का पानी भर गया है.
नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. मेदिनीनगर में कोयल नदी के किनारे बना कोयल रिवर फ्रंट भी बाढ़ के पानी की चपेट में आ गया है. इसका बड़ा हिस्सा पानी में डूब चुका है.
पलामू जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए नदी किनारे के निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से किसी भी परिस्थिति में नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की है. साथ ही बच्चों और पशुओं को भी नदी से दूर रखने की सलाह दी गई है.
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाने को कहा गया है प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार जलस्तर एवं पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

