Search

 
 
 

झारखंड में लैब सेवाएं होंगी हाईटेक, मरीजों को मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट

झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. अब राज्य के मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर मिल सकेगी. इसके लिए लैब इनफॉरमेशन सिस्टम लागू करने की तैयारी की जा रही है.
 

Ranchi: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. अब राज्य के मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर मिल सकेगी. इसके लिए लैब इनफॉरमेशन सिस्टम लागू करने की तैयारी की जा रही है.

 

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मेरील कंपनी ने इस सिस्टम का प्रजेंटेशन दिया. यह सिस्टम मेडिकल कॉलेज से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक लागू किया जाएगा.

 

अधिकारियों ने बताया कि इस सिस्टम को विभाग के मौजूदा हॉस्पिटल मैनेजमेंट इनफॉरमेशन सिस्टम, जिसे सी-डैक संचालित कर रहा है, के साथ जोड़ा जाएगा. इसके जरिए मरीजों को जांच रिपोर्ट मोबाइल पर उपलब्ध होगी, जिससे समय की बचत होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी.

 

इस नई व्यवस्था से विभाग को जांच से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी करने में भी आसानी होगी. कितने मरीजों की जांच हुई, कौन-कौन सी जांच की गई और उनकी संख्या जैसी जानकारी रियल टाइम में उपलब्ध रहेगी. इसके साथ ही लैब में मौजूद रिएजेंट्स की स्थिति पर भी नजर रखी जा सकेगी, जिससे समय पर खरीद और वेस्टेज पर नियंत्रण संभव होगा.

 

बैठक में यह भी बताया गया कि यह सॉफ्टवेयर मेरील कंपनी की ओर से विभाग को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. इसे एचएमआईएस के साथ-साथ ई-सुश्रुत प्रणाली से भी जोड़ा जाएगा.

 

गौरतलब है कि मेरील कंपनी पहले ही सीएचसी और पीएचसी स्तर पर ऑटो एनालाइजर और सेमी-ऑटो एनालाइजर की आपूर्ति कर चुकी है. इन मशीनों को भी नए सिस्टम से जोड़ा जाएगा. साथ ही अन्य कंपनियों की मशीनों को भी इस प्लेटफॉर्म से इंटीग्रेट किया जा सकेगा.

 

बैठक में अपर सचिव विद्यानंद शर्मा, पंकज, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित विभाग के अन्य अधिकारी और मेरील कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही