Ranchi News : राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कामकाज के माहौल को बेहतर बनाने के लिए बुधवार को खास पहल की गई. यहां ठेका मजदूरों और अधिकारियों के लिए 'लेबर रिफॉर्म' (श्रम सुधार) की एक विशेष पाठशाला लगाई गई. श्रम प्रवर्तन अधिकारी (लेबर एनफोर्समेंट ऑफिसर) ने खुद मोर्चा संभालते हुए आसान भाषा में सबको कायदे-कानून समझाए.
इसे भी पढ़ें...
मकसद साफ था कोई भी मजदूर अपने अधिकारों से अनजान न रहे और कोई भी अधिकारी नियम तोड़ने की गलती न करे. एयरपोर्ट अथॉरिटी (AAI) के विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों को कामकाज के सही तरीके बताए गए. अधिकारियों को समझाया गया कि ठेका कर्मियों से काम लेते समय किन लेबर कानूनों और कार्यस्थल के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना है.
श्रम सुधार कानून के तहत मजदूरों के हितों की रक्षा करना, पारदर्शी व्यवस्था लागू करना और उन्हें सुरक्षित माहौल देना उनकी पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए, ताकि किसी के साथ कोई नाइंसाफी न हो.
इस कार्यक्रम का दूसरा और सबसे अहम हिस्सा ठेका मजदूरों और उनके सुपरवाइजरों से जुड़ा था. उन्हें आम बोलचाल की भाषा में बताया गया कि नए लेबर रिफॉर्म के तहत उनके कानूनी अधिकार क्या हैं और काम की शर्तें कैसी होनी चाहिए.
ड्यूटी के दौरान बुनियादी सुविधाओं से लेकर उनके कर्तव्यों तक की पूरी जानकारी दी गई. इस पूरी कवायद का एक ही लक्ष्य है—एयरपोर्ट परिसर में काम करने वाला हर मजदूर शोषण से बचे और अपने अधिकारों को लेकर पूरी तरह जागरूक रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

