Search

ओडिशा से झारखंड में बड़े पैमाने पर हो रही गांजे की तस्करी, तस्कर कर रहे हैं ट्रेन का इस्तेमाल

Ranchi : झारखंड में ओडिशा से बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी की जा रही है. तस्कर अब पुलिस की नजर से बचने के लिए सड़क मार्ग के बजाय रेल मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं. ट्रेनों के जरिए ओडिशा से झारखंड के विभिन्न जिलों तक गांजा पहुंचाया जा रहा है.

 

 

 

इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और आरपीएफ ने बीते एक वर्ष में इस नेटवर्क से जुड़े अलग- अलग रेलवे स्टेशनों से 63 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. गिरफ्तार आरोपियों में आधे से अधिक अंतरराज्यीय तस्कर बताए जा रहे हैं.

 

सूत्रों के अनुसार, तस्करी के इस नेटवर्क में सक्रिय गिरोह के तार झारखंड और ओडिशा के अलावा अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि तस्कर संदेह से बचने के लिए महिलाओं और बच्चों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं. गांजा को बैग, सूटकेस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बीच छिपाकर ट्रेनों से भेजा जा रहा है.

 

रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. जीआरपी और जिला पुलिस संयुक्त रूप से जांच अभियान चला रही है. संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और ट्रेनों में सघन तलाशी अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है.

 

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों से गांजा की खेप पहले छोटे-छोटे हिस्सों में भेजी जाती है, जिसे बाद में झारखंड के शहरी क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता है. राजधानी रांची समेत बोकारो, टाटा, धनबाद और पलामू जैसे जिलों को तस्करों ने ट्रांजिट और डिलीवरी प्वाइंट बना लिया है. केस स्टडी के अनुसार, विभिन्न रेल थाना क्षेत्रों में गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.


रांची रेल थाना क्षेत्र (रांची रेलवे स्टेशन / हटिया)

केस स्टडी- 1: 18 दिसंबर 2025 को रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान के दौरान करीब 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. इस मामले में दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.


केस स्टडी -2 : 31 जनवरी 2026 को रांची जंक्शन पर सघन चेकिंग के दौरान 8 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. बरामद गांजा ट्रेन के माध्यम से लाया जा रहा था.


धनबाद रेल थाना क्षेत्र (धनबाद जंक्शन)

केस स्टडी - 3 : 22 जून 2025 को धनबाद रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई में 28 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. दो तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.

केस स्टडी - 4: 15 नवंबर 2025 को धनबाद जंक्शन पर जांच के दौरान एक यात्री के पास से 2.32 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई.

 

जमशेदपुर (टाटानगर) रेल थाना क्षेत्र

केस स्टडी -5: 29 नवंबर 2025 को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान 17 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था.

केस स्टडी-6:  04 जनवरी 2026 को टाटानगर स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान में 6.08 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.


 बोकारो रेल थाना क्षेत्र

केस स्टडी -7: 22 सितंबर 2025 को बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान के दौरान 45.280 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई.


केस स्टडी- 8 :17 नवंबर 2025 को बोकारो रेल क्षेत्र में जांच के दौरान 2.32 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.

 

कोडरमा रेल थाना क्षेत्र

केस स्टडी - 9: 10 सितंबर 2025 कोडरमा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2.1 किलोग्राम अफीम बरामद की. मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार यह खेप दूसरे राज्य में भेजी जानी थी.

 

पलामू रेल थाना क्षेत्र

केस स्टडी -10: 03 फरवरी 2026 को पलामू जिले के डाल्टनगंज क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में 8.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. इस मामले में तीन महिला सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की.

केस स्टडी -11:  20 नवंबर 2025 को डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के समीप गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 6 किलोग्राम अफीम बरामद की गई. इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. बरामद अफीम की खेप को अंतरराज्यीय सप्लाई से जुड़ा बताया गया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//