Ranchi News : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने राज्य के बीएड, एमएड और बीपीएड संस्थानों में सत्र 2026-28 के लिए रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए अंतिम चक्र की ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है.
इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी 11 नवंबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग कर सकेंगे. इसके लिए 15 नवंबर तक का समय दिया गया है.
इसके अलावा राज्य मेधा सूची में शामिल वैसे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें अब तक सीट आवंटित नहीं हुई है या सीट मिलने के बाद भी किसी कारण से नामांकन नहीं ले सके हैं.
10 नवंबर को रिक्त सीटों का विवरण (सीट मैट्रिक्स) जारी किया जाएगा. इसके बाद 11 से 15 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग होगी. 17 नवंबर को अस्थायी सीट आवंटन पत्र जारी किया जाएगा.
काउंसलिंग के लिए सामान्य, ईडब्ल्यूएस, बीसी-1 और बीसी-2 श्रेणी के अभ्यर्थियों को 400 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं, एससी, एसटी और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है. शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा.
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन चॉइस फिलिंग के दौरान संस्थानों के चयन की संख्या पर कोई सीमा नहीं होगी. वे अपनी पसंद के अनुसार अधिक से अधिक कॉलेजों का विकल्प भर सकते हैं. पर्षद ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि सीट आवंटन की संभावना बढ़ाने के लिए उपलब्ध संस्थानों के अधिक विकल्प चुनें.
काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए अभ्यर्थी JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर जा सकते हैं. किसी तरह की समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 9264473893 और ई-मेल jceceboard@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है.

