Ranchi News: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर निर्धारित है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पात्र भारतीय नागरिकों, खासकर युवाओं से अपील की है कि जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे समय रहते फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरें.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पात्र नागरिक ECINET के माध्यम से या अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं. जिन युवाओं की अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, उन्हें भी 15 सितंबर तक आवेदन करने की अपील की गई है.
इसे भी पढे़ं -
के. रवि कुमार ने कहा कि SIR के तहत तैयार मतदाता सूची को भविष्य के लिए स्थायी दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाएगा. वर्तमान प्रक्रिया में 2003 की SIR सूची से मैपिंग के आधार पर मतदाताओं और उनके बच्चों को कई दस्तावेजों में छूट का लाभ मिल रहा है. भविष्य में भी इसका लाभ मिल सके, इसके लिए पात्र युवाओं का नाम वर्तमान SIR सूची में जुड़ना जरूरी है.
उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने बीएलए-2 को सक्रिय करने का आग्रह किया है. बीएलए-2 अपने मतदान केंद्र क्षेत्र के पात्र युवाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित करने के साथ ECINET या बीएलओ के माध्यम से आवेदन में सहयोग करें.
13 सितंबर तक की समीक्षा में राज्य के 31,892 मतदान केंद्रों में 75 केंद्र ऐसे मिले, जहां एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है. वहीं 5,591 मतदान केंद्रों पर सिर्फ 1 से 5 आवेदन मिले हैं. 8,618 केंद्रों पर 6 से 10, 11,329 केंद्रों पर 11 से 20, 4,076 केंद्रों पर 21 से 30 और 2,203 केंद्रों पर 30 से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं. रांची में 62 मतदान केंद्रों पर एक भी फॉर्म-6 नहीं मिला है. विधानसभा क्षेत्रवार कांके में ऐसे सबसे अधिक 52 मतदान केंद्र हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

