Search

 
 
 

लातेहार : सांप काटने से 12 साल के लड़के की मौत

रौशन बुधवार को तड़के करीब तीन बजे शौच के लिए खेत में गया था. लौटने के क्रम मे उसे एक जहरीले सांप ने डंस लिया. इसके बाद वह अचेत हो कर खेत में गिर गया.
 

Latehar : लातेहार जिले में बरसात में सर्पदंश की घटनाएं काफी बढ़ गई  हैं. आये दिन जिले के किसी न किसी इलाके से सर्पदंश से मौत की खबर सामने आ रही है. बुधवार की अहले सुबह सर्पदंश से एक लड़के की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बालुमाथ थाना क्षेत्र के झाबर ग्राम निवासी करमा भुइयां के बेटे रौशन कुमार (12 वर्ष) के रूप में की गयी है. परिजनों के अनुसार, रौशन बुधवार को तड़के करीब तीन बजे शौच के लिए घर के बाहर खुले खेत में गया था. लौटने के क्रम मे उसे एक जहरीले सांप ने डंस लिया. इसके बाद वह अचेत हो कर खेत में गिर गया.

काफी देर बाद भी जब रौशन घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. घर के पीछे जाकर देखा, तो वह बेहोशी की हालत में खेत में पड़ा हुआ था. मुंह पर पानी छिड़कने के बाद रौशन को होश आया, तो उसने बताया कि एक सांप ने उसे डंस लिया है. इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां से उसे लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.  डॉक्टर ने बताया कि परिजन काफी विलंब से बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे थे. जहर पूरे शरीर में फैल गया था. हालांकि उसे बचाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली. रौशन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही