Search

 
 
 

लातेहारः झुंड से बिछड़े हाथी का उत्पात, बस को 3 घंटे कब्जे में रखा

हाथी ने बारेसांढ़ थाना क्षेत्र में एक यात्री बस को करीब तीन घंटे तक अपने कब्जे  में रखा.जंगली हाथी सड़क पर चल रहा था और उसके पीछे लोगों का हुजूम था. इसी दौरान लातेहार से महुआडांड़ जा रही यात्री बस के चालक ने जब हाथी को आते देखा, तो उसने गाड़ी रोक दी.
 

Latehar : झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी विगत तीन दिनों से लातेहार जिले के महुआडांड़ के लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. उक्त हाथी ने शनिवार को बारेसांढ़ थाना क्षेत्र में एक यात्री बस को करीब तीन घंटे तक अपने कब्जे  में रखा. जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी सड़क पर चल रहा था और उसके पीछे लोगों का हुजूम था. इसी दौरान लातेहार से महुआडांड़ जा रही यात्री बस के चालक ने जब सड़क पर हाथी को आते देखा, तो उसने गाड़ी रोक दी. उसने बस के सभी यात्रियों को बस से उतरकर सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी.


 थोड़ी देर में हाथी बस के पास पहुंचा और बस की खिड़की व गेट तोड़कर अंदर यात्रियों के रखे खाने-पीने के समान चट कर गया. कई यात्रियों ने बताया कि बस में उनका छठ का प्रसाद रखा था. उसे भी हाथी खा गया. करीब तीन घंटे बाद वन विभाग की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल में खदेड़ दिया. मिली जानकारी के अनुसार, हाथी ने बारेसांड के कई ग्रामीणों के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है. हाथी अपने झुंड से बिछड़ कर शहरी इलाके में घुस गया है.


 रेंजर नंदकुमार महतो ने बताया कि हाथी के आने की सूचना पर ग्रामीणों की इतनी भीड़ जमा हो जाती है कि वन विभाग को राहत कार्य चलाने में भी परेशानी हो रही है. स्थानीय लोग अनावश्यक भीड़ लगा रहे हैं, जिससे हाथी भी परेशान हो जा रहा है. खाली रास्ता नहीं मिलने के कारण उसे जंगल की ओर भगाने में भी विभाग को परेशानी हो रही है. ज्ञात हो कि दो दिन पहले जंगली हाथी महुआडांड़ अनुमंडल मुख्यालय में पहुंच गया और करीब पांच घंटे तक महुआडांड़ शहरी क्षेत्र में रहा.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही