Search

 
 
 

लातेहारः श्रम विभाग ने मजदूर सोमरा नगेशिया का शव लाने को दिये 50 हजार रुपए

महुआडांड़ के नेतरहाट थाना क्षेत्र के गढ़बूढनी निवासी सोमरा नगेसिया (32) रोजगार की तलाश में अपने दोस्तों के साथ केरल जा रहा था. आंध्रप्रदेश के नेल्लोर जिले के कवाली रेलवे स्टेशन पर उसका शव बरामद किया गया था.
 
सोमरा नगेशिया की फाइल फोटो

Latehar : श्रम विभाग ने लातेहार के मजदूर सोमरा नगेशिया का शव घर लाने के लिए परिजनों को तत्का:ल 50 हजार रुपये दिए हैं. लातेहार जिले के श्रम अधीक्षक दिनेश भगत ने बताया कि मृतक के परिजनों का आवेदन मिलने के बाद डीसी के निर्देश पर यह राशि दी गई है. शव की पोस्टमार्टम रिर्पोट व अन्य  कागजी करवाई पूरी होने के बाद प्रावधान के अनुसार शेष मुआवजा का भुगतान किया जायेगा.

ज्ञात हो कि महुआडांड़ के नेतरहाट थाना क्षेत्र के गढ़बूढनी निवासी सोमरा नगेसिया (32) रोजगार की तलाश में अपने दोस्तों के साथ ट्रेन से केरल जा रहा था. आंध्रप्रदेश के नेल्लोर जिले के कवाली रेलवे स्टेशन पर उसका शव बरामद किया गया था. सोमरा नगेसिया की मौत की खबर नेतरहाट थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम परिजनों को दी थी. मां कुनरी देवी ने बताया कि उसका बेटा रविवार की सुबह गांव के ही दो लोगों के साथ मजदूरी करने केरल के लिए निकला था. आधा रास्ता जाने के बाद वह दोस्तो से बिछड़ गया. इसी दौरान आंध्रप्रदेश में ट्रेन से गिर कर उसकी मौत हो गई.

ग्रामीणों ने बताया कि सोमरा नगेसिया घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है.  वह हर बार मजदूरी करने बाहर जाया करता था. उसका एक चचेरा भाई राजेश नगेसिया जो बाहर ही मजदूरी करता है उससे शव लाने की बात फोन के माध्यम से हो रही है. मां ने स्थानीय मुखिया की मदद से श्रम विभाग लातेहार व महुआडांड़ बीडीओ को आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई थी. बीडीओ संतोष बैठा ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही