Latehar News : रांची-मेदिनीनगर राष्ट्रीय उच्च पथ-75 पर सोमवार की सुबह चंदवा थाना क्षेत्र में शिवा टोली के पास एक सड़क हादसे में एक ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गयी.इस घटना में टेंपो में सवार तकरीबन आधा दर्जन लोग घायल हो गये. सबो को चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. बताया जाता है कि यह दुर्घटना शिवा टोली के पास सड़क में बने एक स्पीड ब्रेकर के कारण हुआ.
स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो तेज गति से आ रही थी और अचानक उस स्पीड ब्रेकर के पास अनियंत्रित हो कर पलट गयी. दुर्घटना में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान नहीं हो पायी थी. स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो चालक सड़क पर आये अचानक गति अवरोध को देख नहीं पाया और ऑटो अनियंत्रित हो कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
उन्होने बताया कि इससे पहले भी यहां कई घटनायें हो चुकी है. स्थानीय लोगों ने इस स्पीड ब्रेकर को यहां से हटाने या फिर स्पीड ब्रेकर के आगे-पीछे पर्याप्त संकेतक या रिफ्लेक्टिव मार्किंग लगाने की मांग एनएचआई से की है.

