Latehar News : लातेहार डीसी संदीप कुमार ने सिविल सर्जन को लातेहार शहर सहित जिले के प्रखंडों में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया है. कहा कि अल्ट्रासाउंड सेंटरों में निर्धारित नियम और प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराएं. इसके लिए समय-समय पर दस्तावेज का सत्यापन जरूरी है.
इसे भी पढ़ें
डीसी शनिवार को पीसीपीएनडीटी एक्ट (Pre-Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques) के तहत आयोजित जिला सलाहकार समिति, निगरानी एवं अनुश्रवण समिति के साथ बैठक कर रहे थे. बैठक में जिले में पंजीकृत अल्ट्रासाउंड सेंटरों की स्थिति की समीक्षा की गई. नए पंजीकरण के मामलों और रिन्यूअल पर भी चर्चा की गई.
डीसी ने कहा कि पीसीपीएनडीटी एक्ट का उद्देश्य भ्रूण लिंग जांच पर रोक लगाना और बालिका अधिकारों की रक्षा करना है. बैठक में जन्म के समय लिंगानुपात की भी समीक्षा की गई. डीसी ने कहा कि बालिका संरक्षण एवं लिंगानुपात में सुधार के लिए स्वास्थ्य सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. बैठक में सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

