- जांच की मांग की, कहा सुधार नहीं होने पर किया जायेगा आंदोलन
Latehar News : भाकपा माले के जिला सचिव बिरतू राम ने जिले के बरवाडीह प्रखंड के हुकामाड़ पंचायत में बनाये जा रहे नये लैंपस भवन निर्माण मे व्यापक अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी उन्होने मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को भी दी है. उन्होंने कहा कि अगर निर्माण कार्य में सुधार नहीं कराया गया तो माले आंदोलन करेगा.
माले नेता ने कहा कि नये लैंपस भवन निर्माण में प्राक्कलन की अनदेखी की जा रही है. योजना स्थल पर कोई सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है. मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राम ने कहा कि सरकारी योजनाओं में सूचना बोर्ड लगाया जाना जरूरी है.
इससे ग्रामीणों को योजना की लागत, विभाग, संवेदक सहित अन्य आवश्यक जानकारी मिल पाती है. श्री राम ने भवन के निर्माण में मानक के अनुरूप निर्माण सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि बुनियाद मे ही घटिया किस्म की सरिया और ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे भवन की गुणवत्ता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है.
राम ने कहा कि लैंपस भवन दीर्घकालीन योजना है. यहां से पंचायत के किसानों की योजनाओं का संचालन होगा. धान क्रय से ले कर किसानो की कई योजनायें लैपस भवन से संचालित होती है.ऐसे में भवन निर्माण कार्य में लापरवाही बड़ी घटना को अंजाम दे सकती है. राम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण स्थल का तत्काल कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा जिम्मेवार संवेदक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.

