Latehar : बारियातू प्रखंड के दर्जनों ग्रामीण मंगलवार को समाहरणालय पहुंचे. यहां उन्होने उपायुक्त को संबोधित एक ज्ञापन सौंप कर बरियातू के गैर मंजरूआ अनावाद बिहार सरकार की भूमि पर से अतिक्रमण हटाने की मांग की.
ग्रामीणो का आरोप है कि उक्त भूमि पर कतिपय लोगों के द्वारा अवैध कब्जा व अवैध बंदोबस्ती करा ली गयी है. ग्रामीणो ने आवेदन में बताया है कि सीएस खाता संख्या 119, सीएस प्लॉट संख्या 2217, आरएस खाता संख्या 380 व आरएस प्लॉट संख्या 1991, कुल रकबा 8.62 एकड़ भूमि सार्वजनिक उपयोग की भूमि है और यह बिहार सरकार की गैर मंजरूआ अनावाद भूमि है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम बरियातू निवासी रमेश राम व अन्य लोगों द्वारा उक्त भूमि पर जबरन अवैध कब्जा किया जा रहा है. जबकि यह सार्वजनिक उपयोग की भूमि है. यहां पशुओं को चराने, ग्रामीणों के आवागमन तथा सामुदायिक उपयोग के लिए रास्ता और पगडंडी मौजूद है.
ग्रामीणों ने दावा किया कि गांव के किसी भी रैयत ने इस भूमि पर कभी जोत-कोड़ या निजी उपयोग नहीं किया है. बावजूद इसका बंदोबस्ती करा लिया गया है. ग्रामीणों ने कथित बंदोबस्ती को संदिग्ध बताते हुए उसे निरस्त करने की मांग की है. आवेदन सौंपने वालों में वासुदेव उरांव, बलदेव उरांव, नैमा उरांव, धनराल उरांव, कालेश्वर उरांव, राजकिशोर उरांव, इंद्रदेव उरांव, अमित उरांव, महेंद्र उरांव, महेश्वर उरांव, बालकिशुन उरांव, गीता देवी, सुनीता देवी, प्रतिमा देवी, जतरी देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment