Latehar News : अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मशहूर नेतरहाट आवासीय विद्यालय इन दिनों फिर विवादों के घेरे में है. विवाद प्राचार्य पद को लेकर है. विद्यालय की तदर्थ कमेटी (एडहॉक कमेटी) के सभापति राज कुमार ने पिछले पांच अगस्त को प्राचार्य संतोष कुमार को निलंबित कर उनकी जगह कंप्यूटर शिक्षक रवि रंजन को प्रभारी प्राचार्य नियुक्त कर दिया. विवाद की शुरुआत यहीं से हुई.
इसे भी पढ़ें
शिक्षा विभाग ने विवाद बढ़ते देख 18 अगस्त को पत्र जारी कर विद्यालय की स्थिति को यथावत रखने का निर्देश दिया था. निलंबित प्राचार्य संतोष कुमार ने बताया कि तदर्थ कमेटी की पिछली बैठक दो मई को हुई थी. उसमें न तो उन्हें निलंबित करने का कोई प्रस्ताव पारित किया गया और न ही किसी को प्राचार्य बनाने का. उन्होंने बताया कि दो मई के बाद कोई बैठक हुई ही नहीं.
संतोष कुमार का कहना है कि उन्हें हटाने से पहले न तो कमेटी में कोई प्रस्ताव पारित किया गया और न ही किसी सदस्य से सहमति ली गयी. ऐसे में उनका निलंबन नियम विरुद्ध है. उनका कहना है कि जब समिति के सभापति स्वयं यह स्वीकार कर रहे हैं कि प्रभार परिवर्तन से पहले सदस्यों की सहमति नहीं ली गई, तो पांच अगस्त को जारी आदेश पर सवाल उठना स्वाभाविक है. इधर, प्रभारी प्राचार्य रवि रंजन ने कहा कि उन्हें एडहॉक समिति ने यह जिम्मेवारी सौंपी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

