Latehar News : नगर पंचायत ने अतिक्रमण मुक्त अभियान के दौरान बाधा पहुंचाने वाले तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है. बुधवार को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन के द्वारा शहर के धर्मपुर चौक में अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया जा रहा था. नगर पंचायत के कर्मी धर्मपुर चौक से सड़कों पर अतिक्रमण कर रखे गए सामानो को वहां से हटा कर ट्रैक्टर में लोड कर रहे थे.
इसी दौरान कुछ लोगों के द्वारा इसका विरोध किया गया और नगर पंचायत कर्मियों को कार्य करने से रोका गया. इस पर कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन के निर्देश पर सदर थाना में तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा ने गुरूवार को बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़कों में किए जा रहे अतिक्रमण को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी पानी टंकी के पास कार्रवाई करते हुए सड़क पर आलू बेच रहे एक व्यवसायी की एक ट्रैक्टर आलू व अन्य सामानों को नगर पंचायत ने जब्त किया था.
उन्होंने सड़क के किनारे ठेला व खोमचा और वाहन लगाने वालों को सख्त हिदायत दी है. कहा कि अभियान के दौरान अगर ऐसा पाया जाता है तो जुर्माना वसूला जायेगा और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

