Latehar News : जिले के मनिका प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत आउटसोर्स एंबुलेंस चालक तबारक अंसारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. जिसमें चालक को मरीज के परिजनों के साथ गाली गलौज करते देखा जा रहा है.
भाजपा और जेएलकेएम समेंत अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इस घटना की निंदा कर चालक पर कार्रवाई करने की मांग की थी. मामला प्रकाश में आने के बाद सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो ने 22 अक्टूबर को उक्त चालक की सेवा समाप्त कर दी थी.
चालक को सेवा मुक्त करने के विरोध में 23 अक्टूबर को मनिका सामुदायिक स्वासथ्य केंद्र के सभी सरकारी व अनुबंधित चिकित्सक व अन्य चिकित्सा कर्मी अनिश्चितकालीन धरना पर चले गये. धरना पर बैठे डा उमेश कुमार ने कहा कि चालक तबारक अंसारी को सोशल मीडिया में एकतरफा वीडियो देख कर सेवा मुक्त कर दिया गया है. जबकि उनके पास 18 मिनट का सीसीटीवी कैमरा का रिकॉर्डिंग है.
सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि उक्त मरीज के परिजन किस तरह चिकित्सकों के साथ बदसलूकी कर रहे थे. उन्होंने कहा कि मरीज के परिजनों के साथ एक व्यक्ति ऐसा था जो शराब के नशे मे था और सबसे अधिक वही व्यक्ति अभद्रता कर रहा था.
डॉ उमेश ने मनिका के विभिन्न राजनीतिक दलो पर भी इस मामले को लेकर ओझी राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया कि चालक दूसरे संप्रदाय से आता है, इस कारण ऐसी राजनीति की जा रही है.

