Latehar News : डीएवी पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव हर्षोल्लास व भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय के नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी, कक्षा प्रथम व द्वितीय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
सभी बच्चे राधा-कृष्ण के मनमोहक वेश-भूषा में सज-धजकर विद्यालय पहुंचे. बच्चों ने राधा और नटखट कन्हैया का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया. उनके हाथों में मुरली, सिर पर मोरपंख और माखन की गगरी सहित विभिन्न आकर्षक सामग्री दिखाई दी.
बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और रूप-सज्जा ने पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं व जन्माष्टमी से संबंधित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित अभिभावक व शिक्षक-शिक्षिकाएं भावविभोर हो उठे.
श्रीकृष्ण के जयकारों व भक्ति गीतों से विद्यालय परिसर का वातावरण भक्तिमय व आनंदमय बना रहा. इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम कुमार सहाय ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में को-करिकुलर एक्टिविटीज प्रभारी सूरज कुमार मिश्रा, शिक्षक प्रभारी प्रभात रंजन सहित मातृशिक्षिकाओं भावना, अम्बिका, अर्चना, रुक्मिणी, अमृता, अंचला ,आरती ,मानसी ,सुप्रिया व सुजाता तथा विद्यालय के वरीय शिक्षक राकेश रंजन तिवारी ,रवि प्रकाश तिवारी ,सुशील दुबे एवं शिक्षिका खुशबु और अन्य सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

