- श्रीरामचरित मानस नवाह्न परायण पाठ महायज्ञ समिति की बैठक संपन्न
Latehar News : श्रीरामचरित मानस नवाह्न परायण पाठ महायज्ञ समिति की बैठक बुधवार देर शाम समिति के मुख्य संरक्षक सह राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम की अध्यक्षता में हुई. बैठक में 53वें अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा की गयी.
बैठक के बाद सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि पिछले 52 वर्षों से लातेहार में यह आयोजन होता आ रहा है. इस वर्ष भी इस आयोजन को भव्य रूप से आयोजित किया जायेगा. उन्होंने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 10 अक्टूबर को कलश यात्रा से होगी.
मानस यज्ञ परिसर से सुबह सात बजे कलश यात्रा निकाली जायेगी. कलश यात्रा शहर के मुख्य पथ होते हुए रेलवे स्टेशन रोड के औरंगा नदी पहुंचेगी. यहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में जल भरा जायेगा. इसके बाद कलश यात्रा वापस मानस यज्ञ परिसर पहुंचेगी.
इसे भी पढ़ें
11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र की प्रथम तिथि को प्रात: सात बजे से पूजन प्रारंभ किया जायेगा और सुबह 11 बजे 53वें अधिवेशन का उद्घाटन किया जायेगा. प्रतिदिन सुबह आठ बजे से गिरिडीह के पंडित अनिल जी भारद्वाज व उनकी मंडली संगीतमय परायण पाठ करेगी.
सांसद के अनुसार, संध्या साढ़े छह बजे से आठ तक आरती व भजन और रात्रि आठ बजे से अखंड आदर्श रामलीला फाउंडेशन, अयोध्या द्वारा रामलीला का मंचन किया जायेगा. 20 अक्टूबर को पूर्णाहुति हवन व महाप्रसाद का वितरण किया जायेगा और अपराह्न तीन बजे से प्रतिमाओं का विसर्जन व शोभा यात्रा निकाली जायेगी.
बैठक में महामंत्री सुदामा प्रसाद गुप्ता, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार महलका, संतोष कुमार अग्रवाल, चंद्रप्रकाश उपाध्याय, सुनील कुमार शौंडिक, राजीव रंजन पांडेय, प्रभात कुमार, अनूप प्रसाद, मदन प्रसाद व दुर्गा प्रसाद आदि मौजूद थे.

