Latehar : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर होटवाग गांव स्थित वृद्धाश्रम में बनवारी साहू कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया. कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य रामदेव सिंह और मेरा युवा भारत की उप निदेशक कंचन कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन के कारण ग्लोबल वार्मिंग आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है.
पूर्व जिला परिषद सदस्य रामदेव सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि अंधाधुंध वनों की कटाई और भौतिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए किया जा रहा दोहन पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है. उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण ग्लोबल वार्मिंग का प्रमुख कारण है, इसलिए जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना आवश्यक है.
मौके पर मेरा युवा भारत की उप निदेशक कंचन कुमारी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण हमारे लिए बहुत ही आवश्यक है. पर्यावरण की रक्षा करना हम सबों का दायित्व है. उन्होंने कहा कि हम अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित कर सकते हैं.
तीनों मुख्य अतिथियों ने लोगों से अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की. वहीं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति की रक्षा का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि सभी को प्रकृति की रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए, तभी हम पर्यावरण को सुरक्षित और संतुलित बना सकेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

