Latehar : लातेहार जिले के बरवाडीह में सोमवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बरवाडीह सीएचसी समेत अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया है.
सूचना मिलने पर सीओ लोकेश सिंह, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी व जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने मौके पर पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना. जानकारी मिलते ही बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार दल-बल के साथ घटना स्थनल पहुंचे और जांचपड़ताल की. जानकारी के अनुसार, संत क्लारेट स्कूेल, लेदगाई में छूट्टी होने के बाद एक पीकअप वैन स्कूेल से बच्चों को लेकर घर जा रही थी. इसी दौरान एक वाहन के ओवरटेक करने के चक्कर में पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गयी. इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए.
घायल बच्चों को आनन-फानन में बरवाडीह सीएचसी, मिशन हॉस्पिटल व गांधी जी मेडिकल्स में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. इनमें से रेलवे कॉलोनी निवासी बद्री प्रसाद के पुत्र कृति रंजन (नौ वर्ष) व आदर्शनगर निवासी पप्पू कुमार की पुत्री शिवंशी वर्मा (14 वर्ष) का हाथ टूट गया है. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एमएमसीएच, मेदिनीनगर रेफर किया गया. अन्ये घायलों में प्रियांशु गुड़िया (9), तेजस्वी चंद्रा, नव्या सिंह (6), कोमल रंजना (15) व पीयूष राज (15) शामिल हैं. डॉक्टरों के अनुसार, सभी खतरे से बाहर हैं. हादसे के बाद पिकअप का चालक भाग निकला.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment