Latehar News : शारदीय नवरात्र के सप्तमी तिथि के अवसर पर सार्वजनिक काली मंदिर दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में शनिवार को कलश यात्रा निकाली गई. कलश यात्रा का शुभारंभ राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने किया.
इससे पूर्व उन्होंने काली मंदिर में माता का दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना की. इस दौरान सांसद बैद्यनाथ राम ने कलश धारण करने वाली कुंवारी कन्याओं व महिलाओं के बीच कलश का वितरण किया और कलश यात्रा को रवाना किया.
उन्होंने खुद भी कलश यात्रा में भाग लिया. मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह और नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन मुख्य रूप से मौजूद थे. कलश यात्रा रेलवे स्टेशन रोड स्थित गंगा नदी तट पहुंची. यहां पंडित संतोष मिश्रा के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल भरा गया. मौके पर मुख्य यजमान भोला ठाकुर सपत्नीक उपस्थित थे. इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर वापस मंदिर परिसर पहुंचे.
यहां पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण किया गया. इस अवसर पर नारायण पुस्तक भंडार के अमित कुमार द्वारा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. कलश यात्रा में समिति के संरक्षक डॉ. सुरेंद्र प्रसाद सिंह, गोपाल चौरसिया, समिति अध्यक्ष जय कुमार सिंह, गजेंद्र प्रसाद, गजेंद्र प्रसाद, आलोक कुमार, मंटू, रितेश कुमार, रिंकू सहित अन्य सदस्य व श्रद्धालु मौजूद थे.

