ऊपर से टिप-टॉप, अदर से मोकामा घाट. कहावत पुरानी है. बिहार की पुरानी लोक कहावत. इसका मतलब यह है कि कोई व्यक्ति, वस्तु, जगह या व्यवस्था बाहर से बहुत साफ-सुथरी, चमकदार, व्यवस्थित या अच्छी दिखती है, लेकिन अंदर से गंदी, अव्यवस्थित, भ्रष्ट या खराब होती है.
भारतीय इकोनॉमी का यही हाल नजर आ रहा है. जीडीपी चमक रहा है, लेकिन विदेशी मुद्रा भंडार कम हो रहा है. सरकार कह रही कि संपन्नता बढ़ी है, लेकिन बाजार का हाल खास्ता है, मोकामा घाट जैसी.
इसे भी पढ़ें
ताजा आंकड़ा अमेजन, फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों की है. त्योहारी सीजन में बिग बिलियन डे, जैसे महाछूट का ऑफर है. कोशिश ज्यादा से ज्यादा सामान बेचने की. सोच यह कि त्योाहर का मौसम है, लोग पैसे खर्च करेंगे. लालच यह कि लोग 50-60 फीसदी डिस्काउंट पर खरीददारी करेंगे. अब नहीं खरीदेंगे, तो कब?
पर, हुआ क्या? भारी डिस्काउंट के साथ सेल सात अक्टूबर से शुरू हुआ. शुरुआती चार दिनों यानी सात से दस अक्टूबर के बीच ई-कॉमर्स कंपनियों की हुई बिक्री का रिकॉर्ड सामने आया. डाटा इंटेलिजेंस (Datum Intelligence) की रिपोर्ट आयी, जिसमें बिक्री में पिछले साल के मुकाबले बड़ी गिरावट दर्ज की गई.
रिपोर्ट ने बताया कि पिछले साल त्योहारी सीजन के शुरुआती चार दिनों में 33,200 करोड़ की खरीद हुई थी. इस साल यह 29,800 करोड़ ही रहा. यानी करीब 10 प्रतिशत कम. स्मार्टफोन की बाजार में जो हिस्सेदारी 46.5 प्रतिशत थी, वह सिर्फ 41.9 प्रतिशत की रही. हालांकि कुछ रिपोर्ट में गिरावट 16 प्रतिशत तक बतायी गयी है. इससे पहले जून में भी एक रिपोर्ट आयी थी, जिसमें स्मार्टफोन बिक्री में 19.8 प्रतिशत की गिरावट बतायी गयी थी.
हां, सरकार के समर्थक वाहट्सएप पर जरूर यह मैसेज भेज रहे हैं कि ई-कॉमर्स की कुल बिक्री इस साल 22-25 प्रतिशत बढ़ा है. यह लोगों की समृद्धि का प्रतीक है. लेकिन वह यह नहीं बताते कि इस बिक्री में बड़ा हिस्सा किराने की सामानों की है, जिसकी बिक्री स्विगी, ब्लिंकिट, जौमेटो, फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियां कर रही हैं.
ताजा रिपोर्ट सिर्फ यह बता रही है कि बिक्री में कमी आयी है. यह कमी बिक्री की राशि में बताया गया है. अगर स्मार्ट फोन या महंगाई को इसमें जोड़ दें, तो कमी का आंकड़ा भयावह होगा. बहरहाल, त्योहार का सीजन है. त्योहार मनायें. आंकड़ों पर भरोसा नहीं है, तो गर्व करिये.
यह टिप्पणी कैसी लगी, नीचे कमेंट बॉक्स में लिखें. अच्छी लगी तो अपने दोस्तों-रिश्तेदारों के बीच शेयर करें.


