Latehar News : जिले के कुटमू चौक (बरवाडीह) में स्थापित राजा मेदनीराय की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है. घटना सोमवार रात की बताई जा रही है. मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर पड़ी तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा के चेहरे और हाथ के हिस्से को क्षतिग्रस्त किया है. प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से स्थानीय लोगों में खासी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर स्थापित ऐतिहासिक एवं सम्मानित व्यक्तित्व की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें
इधर प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने संज्ञान लिया है. विधायक के निर्देश पर कांग्रेस नेता विजय बहादुर सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
वहीं, थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है. एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

