Latehar News : जिले के चंदवा प्रखंड के बाना चकला पावर प्लांट के मेन गेट व एनएच-22 पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क जाम कर दिया है. इस कंपनी को उड़ीसा एलाय एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड (रश्मि ग्रुप) ने अधिग्रहित किया है.
ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी गुपचुप तरीके से सर्वे का कार्य करा रही है. पिछले 20 सितंबर को ओएसपीएल कंपनी के द्वारा बिना ग्राम सभा की अनुमति के ड्रोन सर्वे कराया गया था. इसका ग्रामीणों ने विरोध किया था.
तब कंपनी ने वहां ड्रोन सर्वे नहीं कराने की बात कही थी. प्रदर्शन कर रहे रैयतों ने कहा कि एक तरफ कंपनी ने सर्वे नहीं कराने की बात कही वहीं दूसरी ओर कई विस्थापित रैयत व ग्रामीणों के विरुद्ध फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया गया है.
ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर ग्रामीणों को गुमराह करने व फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है. रैयतों ने कंपनी के कार्यप्रणाली पर अंसंतोष जाहिर किया और इसे तानाशाही बताया. ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की.
बड़ी संख्या में सरना झंडे को लेकर पहुंचे महिला व पुरुषों ने कंपनी पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया. सड़क जाम की सूचना मिलने पर चंदवा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोरंजन प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था.

