- ग्रामसभा की अनुमति के बाद ही गांव में आने की रखी शर्त
Latehar News: जिले के बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) की नॉर्थ धाधू ईस्टर्न पार्ट कोयला परियोजना के लिए रेलवे साइडिंग बनने का प्रस्ताव है. बुधवार को राइट्स कंपनी ड्रोन के जरिए सर्वे का कार्य करवा रही थी. सर्वे कराए जाने जाने की सूचना पर परियोजना क्षेत्र के ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर एन एमएल कंपनी के कर्मियों को रोक दिया.
इसे भी पढ़ें:
जिन कंपनी कर्मियों को ग्रामीणों ने रोका था, उसमें एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) परियोजना प्रमुख आनन्द अग्रवाल समेत राइट्स के कर्मी शामिल थे. आक्रोशित ग्रामीणों ने सर्वे के काम में लगे राइट्स कंपनी के कर्मियों से मोबाइल व ड्रोन को ग्रामीण अपने कब्जे में ले लिया. ग्रामीणों का कहना था कि कोई भी कार्य करने से पहले कंपनी को ग्रामसभा की अनुमति लेनी चाहिए, परन्तु कंपनी के लोग ग्रामसभा की अनुमति के बगैर कार्य करने पर तुले हैं. जिससे आक्रोश का स्तर बढ़ता जा रहा है.
सूचना पर अंचल अधिकारी बालेश्वर राम व बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिंहा दल बल के साथ मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों से बातचीत की. कंपनी कर्मियों ने भविष्य में किसी भी प्रकार के कार्य से पूर्व ग्रामसभा की अनुमति लेने के पश्चात ही कार्यवाही करने का आश्वासन दिया.
जिसके बाद कंपनी कर्मियों को मोबाइल व ड्रोन कैमरा पुलिस की उपस्थिति में ग्रामीणों ने सौंपा. मौके पर एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) के एजीएम पेरुमल, चेताग पंचायत के मुखिया नरेश उरांव, आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव, एसआई धीरज कुमार सिंह, सीआईएसएफ, आईआरबी के जवान समेत बड़ी संख्या में महिला व ग्रामीण मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

