Latehar : जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित पोटमाडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ है. आरोप है कि छोटे भाई ने बेटों के साथ मिलकर अपने बड़े भाई की टांगी से काटकर हत्या कर दी. जबकि बीच-बचाव करने गए मृतक की पत्नी और भतीजा इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, पोटमाडीह निवासी कामिल बेक और उनके छोटे भाई पोलिकार्प बेक के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. गुरुवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि इस दौरान पोलिकार्प बेक ने टांगी से अपने बड़े भाई कामिल बेक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
जब कामिल बेक की पत्नी सलोमी बेक और भतीजा निलेश बेक उन्हें बचाने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया. इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ लाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कामिल बेक को मृत घोषित कर दिया.
वहीं सलोमी बेक और निलेश बेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment