Latehar : रांची-चतरा मार्ग पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहां बालुमाथ थाना क्षेत्र के सरना भवन के पास हाइवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. मृतक युवक की पहचान चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के नवादा ग्राम निवासी पवन गंझू (20) के रूप में की गयी है.
घटना के दूसरे दिन सोमवार की सुबह आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने बालुमाथ थाना के पास सड़क जाम कर मुआवजे व नौकरी की मांग की. सड़क जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. करीब साढ़े चार घंटे के बाद 12.30 बजे जाम हटाया गया.
कोयला परिवहन करने वाली कंपनी डेवलेक्टो माइनिंग के अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया. कंपनी ने मृतक के परिजन को चार लाख मुआवजा देने की घोषणा की. कंपनी ने परिजनों को तत्काल एक लाख रूपये दिए. जबकि शेष तीन लाख रूपये अगले दो-तीन दिनों में कागजी कार्रवाई पूरी कर देने की बात कंपनी के अधिकारियो ने की.
कंपनी ने मृतक के आश्रित को कंपनी में रोजगार उपलब्ध कराने की भी बात कही है. सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को रिम्स रेफर कर दिया गया है, जिसके इलाज का खर्च कंपनी उठायेगी.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि पवन किसी के साथ अपने रिश्तेदारों के घर शादी का कार्ड बांटकर लौट रहा था. इसी दौरान एक हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment