- लूटकांड के मुख्य आरोपी के संपर्क में थे दो संदिग्ध
- पूछताछ के बाद जमशेदपुर भेजे जाने की सूचना
- महज 24 मिनट में केनरा बैंक से 23 किलो सोना और 43 लाख कैश की हुई थी लूट
- चतरा पुलिस की कार्रवाई से कांड के खुलासे की बढ़ी उम्मीद
Chatra News : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की सोना और नकदी लूटकांड के तार चतरा से जुड़े होने की बात सामने आई है. सूत्रों के अनुसार, चतरा पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर चार संदिग्ध अपराधियों को हिरासत में लिया है. इनमें दो संदिग्धों के जमशेदपुर लूटकांड के मुख्य आरोपी के लगातार संपर्क में होने की बात सामने आई है.
सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्धों से चतरा पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ भी की है. पूछताछ में महत्वपूर्ण इनपुट मिलने के बाद उन्हें जमशेदपुर पुलिस को सौंप दिया गया है, ताकि सोना लूटकांड की जांच में आगे की कड़ी जोड़ी जा सके.
हालांकि जमशेदपुर सोना लूटकांड मामले में चतरा से चार संदिग्धों की गिरफ्तारी की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. चतरा पुलिस के वरीय अधिकारी भी कार्रवाई की जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं. ऐसे में पूरी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी.
इसे भी पढ़ें
पांच हथियारबंद अपराधियों नें रेनकोट पहन दिया था घटना को अंजाम
गौरतलब है कि जमशेदपुर के व्यस्त गोलमुरी चौक के समीप स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने विगत गुरुवार को दिनदहाड़े डकैती की थी. मूसलाधार बारिश के दौरान रेनकोट पहनकर पहुंचे पांच अपराधियों ने बैंक कर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और महज 24 मिनट में आयरन चेस्टर व सेफ में रखे 600 पैकेट में करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख लूट लिए. लूटे गए सोने की कीमत लगभग 36 करोड़ रुपये आंकी गई है.
20 अधिकारियों की SIT कर रही जांच
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दो बाइक से फरार हो गए. घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 20 अधिकारियों की एसआईटी गठित की और सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई.
इतना ही नहीं पुलिस ने लूटकांड में शामिल पांच अपराधियों की तस्वीर भी जारी की. साथ ही पुलिस ने सभी पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया. ऐसे में अब चतरा में हुई कार्रवाई को इसी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है.
हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद पूरे गिरोह और लूटकांड के खुलासे की उम्मीद है.

