Lagatar Desk : बिहार में शराब तस्करों की दंबगई कम होने का नाम नहीं ले रही है. आए दिन तस्कर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर हमले कर रहे हैं. ताजा मामला नालंदा जिले सामने आ रहा है, यहां पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर वाहन जांच कर रही उत्पाद विभाग की टीम पर तस्करों ने फायरिंग की.
गोलीबारी के दौरान एक गोली सिपाही अजीत कुमार को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वैन से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर गाड़ी को रोकने की कोशिश की.
इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे कथित लाइनर ने उत्पाद विभाग की टीम पर गोली चला दी, जो सीधे वहां खड़े सिपाही अजीत कुमार को लगी. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तस्कर मौके से भागने में सफल हो गए.
इसके बाद उत्पाद विभाग के अन्य कर्मी आनन-फानन में अजीत कुमार को पावापुरी स्थित अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
फिहलाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करों और कथित लाइनर की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है. पुलिस तस्करों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

