Ranchi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' विश्व का सबसे लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम बन चुका है. देश के 140 करोड़ लोग इसके संदेशों को आत्मसात कर रहे हैं. यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को रांची में कही.
इसे भी पढ़ें...
वे कांके विधानसभा के सुकुरहुटू स्थित आदिवासी अखाड़ा (बूथ संख्या 249) में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ 'मन की बात' का 140वां एपिसोड सुनने पहुंचे थे.
अखाड़ा परिसर में लगाया रुद्राक्ष का पौधा
कार्यक्रम से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अखाड़ा परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया. उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और सांसद संजय सेठ ने भी पौधे में मिट्टी डाली और पानी पटाया. इस दौरान नेताओं ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया.

नेता-कार्यकर्ता रहे मौजूद
बूथ अध्यक्ष ही होता है पार्टी का मालिक
संवाद के दौरान नितिन नबीन ने बूथ संख्या 249 के अध्यक्ष आकाश और कांके मंडल अध्यक्ष प्रभात को मंच पर अपने पास बुलाया. उन्होंने कहा कि पार्टी में बूथ अध्यक्ष ही असली ताकत और मालिक होता है. उन्होंने पदाधिकारियों से पीएम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की.
तीन करोड़ बहनों को 'लखपति दीदी' बनाने का मिशन
महिलाओं से बात करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री तीन करोड़ बहनों को 'लखपति दीदी' बनाने के मिशन पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक महिला सशक्त होती है, तो वह ससुराल और मायके दोनों परिवारों को मजबूती देती है.
उन्होंने माताओं से अपनी बेटियों को पढ़ाने और स्वावलंबी बनाने की अपील की, ताकि वे आगे चलकर करोड़पति बनें. इस दौरान वहां बैठी एक युवती ने बताया कि वह एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) इंजीनियर है. इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तालियां बजवाकर उसका हौसला बढ़ाया.
नितिन नबीन ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम', नदी संरक्षण और 'वोकल फॉर लोकल' जैसे अभियानों से लोग खुद जुड़ रहे हैं. बिना किसी पहचान की इच्छा के लोग छोटे-छोटे जिलों में समाज सेवा कर रहे हैं. यह प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा का ही परिणाम है.
समाज को मिल रही नई दिशा: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि इस गैर-राजनीतिक कार्यक्रम से प्रधानमंत्री समाज को जगाने का काम कर रहे हैं. साधारण परिवार के युवाओं के नवाचारों को साझा कर वे देश के युवाओं को नई दिशा दे रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

