Search

 
 
 

लोहरदगा: बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन

बीएस कॉलेज मैदान में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का समापन समारोह उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ.
 
  • मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हुए शामिल

Lohardaga : बीएस कॉलेज मैदान में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का समापन समारोह उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए. 

 

फाइनल मुकाबले में लोहरदगा लायंस ने पलामू जगलर्स को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया. मुख्यमंत्री ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया.

Uploaded Image

खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा झारखंड

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है. यहां के युवाओं के रग-रग में खेल बसता है और राज्य के खिलाड़ी देश-दुनिया में झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं.

 

उन्होंने कहा कि विश्व क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. वहीं हॉकी में भी झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा रहा है और भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान सहित कई खिलाड़ी राज्य से हैं, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है.

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार क्रिकेट और हॉकी के साथ-साथ तीरंदाजी, फुटबॉल, लॉन बॉल सहित अन्य खेलों को भी बढ़ावा देने के लिए बेहतर खेल नीति के तहत काम कर रही है.

 

खिलाड़ियों के नाम से भी पहचाना जाएगा झारखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अब केवल खनिज संपदा के लिए ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के लिए भी जाना जाएगा. राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विकास के लिए ठोस कार्ययोजना पर काम कर रही है.

 

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति

समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग एवं हरभजन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाड़ी, राजेश कच्छप सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही