Lohardaga News : लोहरदगा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 53 किलोग्राम गांजा बरामद किया है और एक आरोपी पंकज चौरसिया को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी विश्वनाथ कुमार फरार है. पुलिस ने गांजा के साथ एक मारुति अल्टो कार, एक स्मार्टफोन और दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किए हैं.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली कि लोहरदगा-कुडू मुख्य सड़क से हिरही नावाटोली जाने वाली सड़क पर एक संदिग्ध अल्टो कार खड़ी है. कार के पास दो संदिग्ध व्यक्ति काफी देर से मौजूद हैं. सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की गई.
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां एक अल्टो कार के पास दो व्यक्ति खड़े मिले. दोनों पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया. तभी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी पंकज चौरसिया, पिता किशुन चौरसिया, निवासी मानपुर बियुर, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) को पकड़ लिया. वहीं, कार की चाबी लेकर दूसरा व्यक्ति विश्वनाथ कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को थाने ले गई. पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताया कि कार में गांजा छिपाकर बनारस ले जाया जा रहा था. इसके बाद अंचलाधिकारी को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया. अंचलाधिकारी रामनारायण खलखों की उपस्थिति में विधिवत कार का लॉक तोड़कर तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नथिंग कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद हुआ. वहीं, कार के अंदर भूरे रंग के टेप में लिपटे गांजे के कुल 38 पैकेट मिले. इनमें दो-दो किलोग्राम के 15 पैकेट और एक-एक किलोग्राम के 23 पैकेट शामिल थे. बरामद गांजे का कुल वजन 53 किलोग्राम है.
पुलिस ने मौके से दो प्लास्टिक के फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किए, जिन पर ‘JH01R7313’ और छोटे अक्षरों में ‘IND’ लिखा हुआ था. इसके अलावा, ‘OR02BK1101’ नंबर प्लेट लगी ग्रे रंग की मारुति अल्टो कार को भी जब्त किया गया.
पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

