Lohardaga News: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र से नाबालिग के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है. मामले में कुड़ू प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी के पुत्र प्रकाश उरांव पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है. शिकायत में कथित रूप से धमकी देने के आरोप में प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी और उनके निजी चालक दीपेंद्र भारती को भी नामजद किया गया है. पुलिस पॉक्सो समेत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें:
पीड़िता के पिता की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, करीब सात माह पहले कुंदगढ़ा गांव निवासी प्रकाश उरांव ने नाबालिग को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था. आरोप है कि इसी दौरान शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया. आवेदन में करीब एक महीने तक यौन शोषण किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. इसके बाद आरोपी ने नाबालिग से दूरी बनानी शुरू कर दी.
बताया गया है कि तीन दिन पहले नाबालिग की तबीयत अचानक खराब हो गई थी. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए. चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके छह माह की गर्भवती होने की जानकारी मिली. इसके बाद नाबालिग ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन न्याय की मांग लेकर प्रखंड प्रमुख के घर पहुंचे थे. वहां कथित तौर पर प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी और उनके निजी चालक दीपेंद्र भारती ने पुलिस में शिकायत करने पर नाबालिग और उसके परिजनों को धमकी दी. इसके बाद परिजन नाबालिग को लेकर कुड़ू थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर प्रकाश उरांव के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. वहीं, मुन्नी देवी और दीपेंद्र भारती के खिलाफ कथित धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने नाबालिग की चिकित्सकीय जांच कराने के साथ उसका बयान भी दर्ज किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

