Lohardaga : जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब रेलवे ट्रैक पर आए भैंसों के झुंड की ट्रेन से टक्कर हो गई. हादसे में सात भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गईं. घटना के कारण करीब ढाई घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा.
जानकारी के अनुसार, आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस लोहरदगा-टोरी रेलखंड से गुजर रही थी. इसी दौरान कुड़ू थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव के समीप अचानक भैंसों का एक झुंड रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया. ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण लोको पायलट मवेशियों को बचा नहीं सका और ट्रेन भैंसों से टकरा गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सात भैंसों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गईं. बताया जा रहा है कि सभी भैंसें एक पशु व्यापारी के साथ थीं और किसी तरह ट्रैक पर पहुंच गई थीं.
घटना के बाद ट्रेन को मौके पर रोक दिया गया. सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. ट्रैक से मृत पशुओं को हटाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में काफी समय लगा, जिसके कारण इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा.
करीब ढाई घंटे बाद ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया. इस दौरान कई ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मवेशी अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गए थे, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment