Search

 
 
 

मधुबनी: स्कॉर्पियो-ट्रक की टक्कर में 4 लोगों की मौत

जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. यह दुर्घटना फुलपरास थाना क्षेत्र में एनएच 27 पर खोपा चौक के पास हुई, जहां स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई.
 

Madhubani :  जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. यह दुर्घटना फुलपरास थाना क्षेत्र में एनएच 27 पर खोपा चौक के पास हुई, जहां स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है.

 

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही फुलपरास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराने की कोशिश की गई. हादसे के कारण कुछ समय तक एनएच-27 पर यातायात भी प्रभावित रहा.

 

गलत दिशा में गाड़ी ले जाने से हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो हरियाणा नंबर की बताई जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो दरभंगा की ओर से आ रही थी. खोपा चौक के पास पहुंचने पर चालक ने डिवाइडर पार कर वाहन को विपरीत दिशा की लेन में मोड़ दिया. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक स्कॉर्पियो से टकरा गया.

 

वाहन में फंसे थे लोग

स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. उन्होंने देखा कि स्कॉर्पियो में सवार लोग बुरी तरह फंसे हुए थे. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को वाहन से बाहर निकाला गया.

 

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाने और मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है ताकि उनके परिजनों को सूचना दी जा सके.

 

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह गलत दिशा में वाहन चलाना प्रतीत हो रहा है. हालांकि मामले की जांच जारी है और ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही