Lagatar Desk : बिहार में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है. आए दिन किसी ना किसी जिले से हत्या, लूट, चोरी की वारदात सामने आती रहती है. ताजा मामला मधुबनी से सामने आ रहा है. यहां नगर थाना क्षेत्र के लहेरियागंज में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की हुई है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना बीती रात की बताई जा रही है.
पैसे को लेकर विवाद होने पर राहुल ने की चाकूबाजी
स्थानीय लोगों के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में राहुल कुमार यादव ने लालबाबु सदाय, उनके पुत्र दीपक सदाय और रामबाबू सदाय पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) भेजा गया. इलाज के दौरान दीपक सदाय और रामबाबू सदाय की मौत हो गई. जबकि एक अन्य घायल का इलाज जारी है. मृतक मजदूरी का काम करते थे. वहीं मुख्य आरोपी राजमिस्त्री बताया जा रहा है, जो लॉज में रहकर काम करता था. घटना के बाद से वह फरार हो गया है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
मामले की जांच के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर 1 के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है. गठित टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस आरोपी के एक परिजन को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि उसके संभावित ठिकानों का पता चल सके. इस संबंध में मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सघन कार्रवाई जारी है और फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment