Search

 
 
 

महिला आरक्षण लागू करने की मांग पर धनबाद में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका पुतला

महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को धनबाद में जिला महिला कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
 

Dhanbad :  महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को धनबाद में जिला महिला कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. शहर के रणधीर वर्मा चौक पर बड़ी संख्या में जुटीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका. प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सीता राणा ने किया. 

 

इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा से महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका है लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनगणना और परिसीमन का हवाला देकर इस महत्वपूर्ण कानून को टाल रही है.

 

सीता राणा ने कहा कि महिला आरक्षण लागू होने से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका मजबूत होगी. उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं ऐसे में अब और देरी स्वीकार्य नहीं है. 

 

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग की कि महिला आरक्षण कानून को अविलंब लागू किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द इस दिशा में कदम नहीं उठाती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहीं, जिन्होंने एकजुट होकर अपनी मांगों को बुलंद किया और महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की जरूरत पर जोर दिया.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही