Khunti News: झारखंड की जनजातीय संस्कृति,परंपरा और प्रकृति संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खूंटी जिले के कपारिया गांव (हुटार) में 14 से 21 नवंबर तक महुआ फेस्टिवल का आयोजन होगा. इस आयोजन में झारखंड के विभिन्न जनजातीय समुदायों को एक साझा मंच प्रदान की जाएगी. यहां लोकगीत,लोकनृत्य, पारंपरिक खानपान, कृषि पद्धतियों, हस्तशिल्प और पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक ज्ञान को प्रदर्शित किया जाएगा. आदिवासी निवास के स्टेट हेड साजिद टोप्पो ने बताया कि जंगल, खेत और गांव को ज्ञान और सीखने के केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा.
महुआ के व्यंजन से लेकर मोटे अनाज तक दिखेगी ग्रामीण पहचान
महोत्सव में महुआ से बने खाद्य पदार्थ, मड़ुआ और अन्य मोटे अनाज के पारंपरिक व्यंजन,स्थानीय हस्तशिल्प, लोकगीत और लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र होंगे. इसके अलावा पारंपरिक कृषि तकनीक, बीज संरक्षण, वनोपज और सामुदायिक जीवन की बेहतर परंपराओं को भी प्रदर्शित करने की योजना है. इसका मकसद स्थानीय खानपान, कला और ग्रामीण ज्ञान को पहचान दिलाना है.
इसे भी पढ़ें -
जल, जंगल और जमीन बचाने का दिया जाएगा संदेश
महुआ फेस्टिवल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा. जल, जंगल, जमीन, हवा और आकाश एक-दूसरे से जुड़े हैं. जंगल जलचक्र और जैव विविधता को बनाए रखने में मदद करते हैं, जबकि स्वस्थ मिट्टी खेती और भोजन का आधार है. प्रकृति की किसी एक कड़ी को नुकसान पहुंचने से पूरे पारिस्थितिकी तंत्र पर असर पड़ता है. इसी को लेकर महोत्सव का संदेश है- 'जल, जंगल, जमीन बचाएं, आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित बनाएं.
कपारिया गांव को मॉडल विलेज बनाने की योजना
महोत्सव में कपारिया गांव को 'कपिला वास्तु मॉडल विलेज' के रूप में विकसित करने की संकल्प ली जाएगी. इसके तहत ग्रामसभा, सरकारी योजनाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग लिया जाएगा. इसमें जल संरक्षण, जैविक एवं कृषि, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण उद्यमिता और टिकाऊ आजीविका जैसे विषय शामिल हैं.
जनजातीय ज्ञान और आधुनिक विज्ञान को जोड़ने की पहल
आयोजकों ने महुआ फेस्टिवल को प्रकृति और समुदाय के लिए एक शांतिपूर्ण जनआंदोलन बताया है. इसमें जनजातीय ज्ञान, आधुनिक विज्ञान और सामुदायिक भागीदारी के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दी जाएगी. ग्रामीण विकास को नई दिशा देने की कोशिश होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

