Ranchi News: दुर्गा पूजा से पहले झारखंड सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है. झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 93 हजार 994 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में सितंबर 2026 की सम्मान राशि ट्रांसफर कर दी गई है. प्रत्येक लाभुक के खाते में 2,500 रुपए की राशि आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है.
रांची जिले में योजना के तहत लाभुकों के खातों में कुल 98 करोड़ 49 लाख 85 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. सरकार की ओर से दुर्गा पूजा से पहले राशि का भुगतान किए जाने से महिलाओं और उनके परिवारों को त्योहार के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें:
प्रखंड और शहरी क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार कांके में सबसे अधिक 31,483 लाभुकों को योजना की राशि मिली है.इसके बाद टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,893, मांडर में 22,936, सिल्ली में 21,269 और बेड़ो में 20,555 लाभुकों को भुगतान किया गया है.
वहीं, कांके शहरी क्षेत्र में सबसे कम 1,281 लाभुकों को राशि मिली है. बुंडू नगर पंचायत में 3,558 और खलारी में 9,590 लाभुकों के खातों में भी सम्मान राशि भेजी गई है.
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. सितंबर माह की सम्मान राशि का समय पर भुगतान यह सुनिश्चित करता है कि योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक सीधे और सुगम तरीके से पहुंचे.
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले सम्मान राशि का भुगतान महिलाओं और उनके परिवारों के लिए आर्थिक संबल देने वाला महत्वपूर्ण कदम है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

