Search

 
 
 

बहरागोड़ा में अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2 ट्रैक्टर जब्त, माफियाओं में हड़कंप

बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है. शनिवार को अंचल प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर मधुआबेड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर छापेमारी कर अवैध बालू उत्खनन और परिवहन में लिप्त दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया
 

Baharagora (Himangshu karan): बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है. शनिवार को अंचल प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर मधुआबेड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर छापेमारी कर अवैध बालू उत्खनन और परिवहन में लिप्त दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया. हालांकि, कार्रवाई के दौरान एक अन्य ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल रहा.

 

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार, मधुआबेड़ा घाट पर पिछले कई महीनों से बालू माफियाओं का वर्चस्व बना हुआ था. प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यहां से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है. इसी सूचना के आधार पर शनिवार को टीम ने अचानक दबिश दी. छापेमारी से घाट पर अफरा-तफरी मच गई. दो ट्रैक्टरों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया.

 

कार्रवाई के बावजूद माफियाओं के हौसले बुलंद!

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन समय-समय पर छापेमारी करता है और कई लोगों पर मामले भी दर्ज किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद बालू माफियाओं के हौसले पस्त नहीं हो रहे हैं. कुछ ही दिनों बाद ये माफिया दोबारा सक्रिय हो जाते हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली और इन माफियाओं के "नेटवर्क" पर भी सवाल उठाए हैं.


चौक-चौराहों पर अवैध वसूली का खेल

मामले में एक चौंकाने वाला पहलू यह भी सामने आया है कि इन बालू माफियाओं के साथ-साथ क्षेत्र के कुछ स्थानीय युवा भी सक्रिय हैं. सूत्रों के अनुसार, विभिन्न चौक-चौराहों पर बालू लदे ट्रैक्टरों से देवी-देवताओं के नाम पर अवैध रूप से चंदा या वसूली की जाती है. यह खेल लंबे समय से खुलेआम चल रहा है, जिससे आम जनता में भी रोष है.


प्रशासन की चेतावनी

अंचल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जब्त ट्रैक्टरों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियां पाई गईं, तो संबंधित दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही