Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने चौकीदार नियुक्ति में खेल कोटा के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत प्रदान की है. हाईकोर्ट ने विज्ञापन संख्या 01/2024 के तहत याचिका दायर करने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति आठ सप्ताह के भीतर करने का निर्देश संबंधित प्रतिवादियों को दिया है.
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं राहुल रविदास एवं अन्य की ओर से अधिवक्ता शुभम मिश्रा ने जस्टिस दीपक रोशन की कोर्ट को बताया कि याचिकाकर्ता खेल कोटा के तहत निर्धारित पात्रता पूरी करते थे और इसी आधार पर उन्होंने नियुक्ति के लिए आवेदन किया था. विज्ञापन के Clause 5.1 में स्पष्ट रूप से 2 प्रतिशत पद खेल कोटा के लिए आरक्षित किए गए थे. साथ ही राज्य की खेल नीति, 2007 के प्रावधानों के अनुसार, निर्धारित न्यूनतम योग्यता रखने वाले एवं खेल कोटा के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सीधे नियुक्ति दिए जाने का प्रावधान है.
इसे भी पढ़ें -
अधिवक्ता मिश्रा ने दलील दी कि इसके बावजूद विभाग द्वारा याचिकाकर्ताओं को सीधे नियुक्ति देने के बजाय लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल कराया गया, जो विज्ञापन की शर्तों तथा राज्य की खेल नीति, 2007 के प्रावधानों के विपरीत है.
दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने संबंधित प्रतिवादियों को आदेश प्राप्त होने की तिथि से आठ सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ताओं को चौकीदार के पद पर नियुक्त करने का निर्देश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


