Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रेस वार्ता कर पार्टी के नए सांगठनिक ढांचे की घोषणा की. उन्होंने बताया कि मल्लिकार्जुन खरगे ने इस नई कमेटी को मंजूरी दी है.
नई कमेटी में राजनीतिक मामलों की समिति, समन्वय समिति, अभियान समिति, परिसीमन समिति, चुनाव प्रबंधन समिति और SIR समिति का गठन किया गया है. कार्य समिति में एक कोषाध्यक्ष के साथ 16 उपाध्यक्ष, 43 महासचिव, 44 पीसीसी समन्वयक, 81 सचिव और 44 संयुक्त सचिव शामिल किए गए हैं.
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा किया गया है. 14 उपाध्यक्षों को लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी जाएगा. जबकि दो उपाध्यक्षों को विभिन्न विभागों के समन्वय का काम सौंपा गया है. महासचिवों को जिलों और नगर निगम क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है. सचिवों को विधानसभा क्षेत्रों में काम करना होगा और संयुक्त सचिव उनका सहयोग करेंगे. सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों की अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि कमेटी का कार्यकाल 5 वर्ष का होगा, लेकिन हर साल जून में प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा. बेहतर काम करने वालों को पद पर बनाए रखा जाएगा या आगे बढ़ाया जाएगा. जिन लोगों को अभी जगह नहीं मिली है, उन्हें भविष्य में विभिन्न समितियों और प्रकोष्ठों में मौका दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि राजनीतिक मामलों की समिति राज्य की रणनीति तय करेगी. अभियान समिति परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर काम करेगी और INDIA गठबंधन के साथ तालमेल बनाए रखेगी. चुनाव प्रबंधन समिति आगामी चुनावों की तैयारी करेगी, जबकि SIR समिति बूथ स्तर पर काम कर मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास करेगी.
संगठन को मजबूत करने के लिए पांचों प्रमंडलों में हर तीन महीने पर समीक्षा बैठक होगी. 15 से 20 तारीख के बीच देवघर, रांची और अन्य प्रमंडलों में बैठकें आयोजित की जाएंगी. 21 मई को लातेहार के चंदवा में राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा. इस रैली में आदिवासी, पिछड़े, दलित और महिलाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा.
नई टीम में अजय दुबे, मधु कोड़ा, प्रदीप यादव और बन्ना गुप्ता सहित कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है. कहा कि पार्टी को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment