Ranchi News: चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत टाटानगर स्टेशन से गुजरने वाली दर्जनों एक्सप्रेस और प्रीमियम ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) के 25 से 31 अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली ट्रेनों का शेड्यूल पूरी तरह पटरी से उतर चुका है.
रिपोर्ट के अनुसार, पुणे-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस (20821) सबसे ज्यादा प्रभावित रही, जो पिछले एक सप्ताह में औसतन 17 घंटे 20 मिनट की देरी से टाटानगर पहुंची. इसके अलावा सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12261) औसतन 15 घंटे 36 मिनट, आनंद विहार-संतरागाछी सुपरफास्ट (22858) 11 घंटे 9 मिनट और पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) 10 घंटे 6 मिनट लेट रही.
इसके साथ ही एलटीटी-कामाख्या कर्मभूमि एक्सप्रेस 9 घंटे 33 मिनट, जबलपुर-संतरागाछी हमसफर 8 घंटे 26 मिनट, गीतांजलि एक्सप्रेस 7 घंटे 53 मिनट और उत्कल एक्सप्रेस 7 घंटे 40 मिनट की औसत देरी से चली.
इसे भी पढ़ें -
हावड़ा और खड़गपुर रूट पर भी यात्री परेशान
हावड़ा और खड़गपुर की ओर से टाटानगर आने वाली ट्रेनों का भी यही हाल रहा. हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस 6 घंटे 49 मिनट, संतरागाछी-आनंद विहार सुपरफास्ट 5 घंटे और संतरागाछी-आरकेएमपी हमसफर एक्सप्रेस औसतन 4 घंटे 38 मिनट विलंब से चली. लोकल यात्रियों के लिए लाइफलाइन मानी जाने वाली गुवा-टाटानगर मेमू 2 घंटे 1 मिनट और पुरुलिया-झाड़ग्राम मेमू 1 घंटे 59 मिनट लेट रही.
वंदे भारत और अन्य ट्रेनों ने दी राहत
इस भारी लेटलतीफी के बीच कुछ ट्रेनों ने यात्रियों को राहत दी है. पटना-टाटानगर वंदे भारत, कटिहार-टाटानगर, अमृतसर-टाटा, गोड्डा-टाटा और जयनगर-टाटानगर एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर टाटानगर पहुंची.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

