Search

 
 
 

बिहार में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, नालंदा और नवादा से दो राजस्व कर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में राज्य के अलग-अलग जिलों से दो राजस्व कर्मियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है.  नालंदा जिले से अखिलेश साह, जबकि नवादा जिले से गुलशन कुमार को गिरफ्तार किया गया है.
 
  • जमीन परिमार्जन के नाम पर मांग रहे थे रिश्वत

Lagatar Desk : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में राज्य के अलग-अलग जिलों से दो राजस्व कर्मियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है.  नालंदा जिले से अखिलेश साह, जबकि नवादा जिले से गुलशन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. दोनों पर जमीन का परिमार्जन करने के एवज में घूस मांगने का आरोप है.  एसीबी की टीम दोनों से पूछताछ कर रही है. 

 

राजगीर अंचल का कर्मी 45 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार

पहला मामला नालंदा जिले का है. यहां राजगीर अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मी अखिलेश साह ने जमीन का परिमार्जन करने के एवज में 45 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. इसकी शिकायत छबीलापुर थाना क्षेत्र के रटना गांव निवासी राजीव कुमार ने निगरानी विभाग के पटना स्थित कार्यालय में की थी.

 

शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने जाल बिछाया और छबीलापुर रोड स्थित लेदुवा पुल के पास से अखिलेश साह को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

 

नवादा में 35 हजार रुपये घूस लेते दबोचा गया कर्मी

दूसरा मामला नवादा जिले का है. यहां रोह अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मी गुलशन कुमार ने जमीन का परिमार्जन करने के एवज में 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. इसकी शिकायत बेलडीह गांव निवासी मंटू कुमार ने निगरानी ब्यूरो कार्यालय में दर्ज कराई थी.

 

शिकायत के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक धावा दल का गठन किया गया. टीम ने जाल बिछाकर सीतापुर-वंशीचक मोड़ के पास से गुलशन कुमार को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही