Godda News: जिले के मोतिया ओपी क्षेत्र में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितेश कुमार यादव उर्फ रितेश कुमार (22) रूप में हुई है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मोतिया ओपी क्षेत्र के वरण देवबन्धा गांव में कुछ लोग मवेशी चराने जा रही महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे. इसी दौरान आरोपियों द्वारा रोहित कुमार मंडल से पैसों की मांग की गई. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और देसी कट्टा के बट से हमला कर उसे घायल कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें:
घटना को लेकर पीड़ित रोहित कुमार मंडल के आवेदन पर रितेश कुमार यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ मोतिया ओपी कांड संख्या 213/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. इसी क्रम में 26 नवंबर को पुलिस ने रितेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर दो देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह देसी कट्टा के साथ मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाकर इलाके में अपना दबदबा कायम करने का प्रयास करता था. इसी हथियार का भय दिखाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना के दिन रोहित कुमार मंडल से पैसे की मांग की थी और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की थी.
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

